वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-
कानपुर- साहब...एकलौता बेटा तो चला गया। अब बलिदानी का दर्जा मिल जाए तो यही सरकार से मिला सम्मान होगा। पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले सीमेंट कारोबारी शुभम द्विवेदी की पत्नी एशन्या व पिता संजय द्विवेदी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह से मिलकर ये बातें कहीं।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को संबोधित पत्र भी डीएम को सौंपा। हाथीपुर के रघुवीर नगर के रहने वाले संजय द्विवेदी स्वजन के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। जिलाधिकारी ने हालचाल लेने के बाद कहा कि जरूरत पड़ने पर हरसंभव मदद के लिए जिला प्रशासन उनके साथ है। शुभम की पत्नी एशन्या ने जिलाधिकारी को पत्र देकर पति को बलिदानी का दर्जा देने की मांग की।
बताया कि पति ने वीरता का परिचय दिया है। सबसे पहले क्रूर आतंकियों की गोली का शिकार हुए। उनके शोर मचाने से अन्य पर्यटक जान बचाकर बच निकलने में सफल हुए। जमीन पर गिरने के बावजूद कई जिंदगी बचाईं। पिता संजय ने कहा कि शुभम बलिदान हुए हैं।
जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि पत्र प्रधानमंत्री तक भेजा जाएगा। पीड़ित परिवार की कोई मदद करके उन्हें खुशी ही मिलेगी। उनके स्तर की किसी भी तरह की के लिए हमेशा तैयार हैं।
व्यर्थ नहीं जाएगा शुभम का बलिदान : पूर्व उपमुख्यमंत्री
शुभम केवल अपनी मां या परिवार का ही नहीं, बल्कि भारत मां व पूरे देश का वीर सपूत था। उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा, बल्कि देश की विसंगतियां दूर होंगी। उसी बलिदान का परिणाम है कि हजारों की संख्या में अवैध बसे पाकिस्तानी व घुसपैठिए देश छोड़कर भाग रहे हैं। ये बातें सोमवार को हाथीपुर के रघुवीर नगर में पूर्व उपमुख्यमंत्री व राज्यसभा सदस्य डा. दिनेश शर्मा ने कहीं।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने मृत शुभम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। स्वजन से मिलकर घटना पर दुख जताया। शुभम के पिता संजय व चाचा मनोज ने हाथ जोड़कर पूर्व उपमुख्यमंत्री से कहा कि हमें रुपया-पैसा न कोई आर्थिक सहायता चाहिए। हिंदू धर्म की अस्मिता के लिए बलिदान होने वाले बेटे शुभम को बलिदानी का दर्जा दिला दें।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आपके साथ है। आपकी मांगों व बिंदुओं पर नियमानुसार विचार होगा। कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकारें जाति-धर्म पूछकर लाभ नहीं दे रही हैं। भारत ने कभी किसी का उत्पीड़न नहीं किया। राबर्ट वाड्रा के बयान को निम्न स्तर का बताया। विधायक महेश त्रिवेदी, उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, विनोद गुप्ता, विनय मिश्रा, रानू शुक्ला, रघुनंदन भदौरिया व सुरेश अवस्थी उपस्थित रहे।
विधानसभा अध्यक्ष से मिले शुभम के स्वजन, दिल्ली जाकर करेंगे बात
दिवंगत शुभम के पिता संजय द्विवेदी, पत्नी ऐशन्या, बहन आरती व चचेरा भाई सौरभ सोमवार दोपहर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से उनके कार्यालय में मिले। शुभम को बलिदानी का दर्जा दिलाने व पत्नी को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की।
महाना ने स्वजन को सांत्वना देते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। पारिवारिक चाचा शैलेंद्र द्विवेदी ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष ने दिल्ली जाकर राष्ट्रपति, रक्षामंत्री व मुख्यमंत्री से उनकी मांगों पर बात रखने का आश्वासन दिया है।